वाराणसी । 20 अगस्त। विश्व मच्छर दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह के नेतृत्व में वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग एवं पी.एस.आई. इंडिया की एम्बेड परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में प्राथमिक विद्यालय दुर्गाकुंड में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला मलेरिया अधिकारी शरत चंद्र पांडे ने बताया कि कार्यक्रम में विद्यार्थियों को डेंगू एवं मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

पी.एस.आई. इंडिया की टीम ने मॉड्यूल एवं चित्रों के माध्यम से बच्चों को मच्छर जनित रोगों के कारण, लक्षण और बचाव के तरीके समझाए। बताया गया कि डेंगू एडीज एजिप्टी और मलेरिया मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है। मच्छरों के अंडे से वयस्क बनने की प्रक्रिया करीब एक सप्ताह में पूरी हो सकती है, इसलिए घरों और आसपास जमा पानी को सप्ताह में कम से कम एक बार खाली कर साफ करना जरूरी है।
कूलर, गमले, डिब्बे, नारियल के खोल और फ्रिज की डीफ्रॉस्ट ट्रे में पानी जमा न होने देने की अपील की गई। बुखार होने पर तत्काल आशा कार्यकर्ता या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क कर जांच और उपचार कराने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में वाई.पी. सिंह, अंजनी कुमार, के.के. राय, अजय कुमार मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।









