वाराणसी । नगर निगम प्रशासन ने धूपचंडी वार्ड स्थित चित्रकूट कुंड के आसपास अतिक्रमण हटाने और परिसर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का निर्णय लिया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गुरुवार को वार्ड का स्थलीय निरीक्षण कर साफ-सफाई, पेयजल, सीवर, मार्ग मरम्मत, इंटरलॉकिंग और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान चित्रकूट कुंड के आसपास अतिक्रमण मिलने पर नगर आयुक्त ने उसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए। क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल की शीघ्र मरम्मत कराने के साथ कुंड के चारों ओर बने पाथवे पर पर्याप्त मार्ग प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। घिसी और क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग को बदलने के लिए नया प्रस्ताव तैयार कर कार्य कराने के निर्देश भी दिए गए।

स्थानीय नागरिकों के स्वास्थ्य और सुबह की सैर को बढ़ावा देने के लिए चित्रकूट कुंड परिसर में ओपन जिम स्थापित किया जाएगा। वहीं, स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से लेबर कॉलोनी में सफाई चौकी के लिए नया सामग्री स्टोर रूम बनाने हेतु स्थान चिह्नित कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया।

निरीक्षण में पार्षद प्रमोद राय सहित नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।









