Search
Close this search box.

महिला कजली महोत्सव में मेहदीगंज की महिलाओं ने मारी बाजी, कजरी गीतों से उठी बराबरी के अधिकार की आवाज

वाराणसी। /मिर्जामुराद। लोक समिति वाराणसी के तत्वावधान में यूनियन बैंक नागेपुर के सहयोग से प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर में महिला कजली महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वाराणसी जिले के विभिन्न गांवों से स्वयं सहायता समूहों की 32 टीमों सहित करीब 60 गांवों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में सेवापुरी ब्लॉक के मेहदीगंज गांव की टीम ने प्रथम, अफजलपुर की टीम ने द्वितीय तथा देउरा की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिलाओं ने पारंपरिक कजरी गीतों के साथ देशभक्ति, मनरेगा, शिक्षा, महिला हिंसा, भ्रष्टाचार और महिलाओं की मौजूदा स्थिति जैसे सामाजिक मुद्दों को गीतों के माध्यम से प्रभावी ढंग से उठाया। कजरी की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

विजेता टीमों को लोक समिति और यूनियन बैंक नागेपुर की ओर से शील्ड, कंडाल, जग और बाल्टी प्रदान किए गए, जबकि अन्य प्रतिभागी टीमों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में थाली दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, यूनियन बैंक के डीजीएम शैलेन्द्र कुमार, एलडीएम अविनाश अग्रवाल और शाखा प्रबंधक इन्द्र मोहन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सुरेन्द्र सिंह पटेल ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ लोक संस्कृति को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम का संचालन अनिता और आशा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने किया।

Leave a Comment

और पढ़ें