वाराणसी । 22 अगस्त। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की 23 अगस्त को आयोजित होने वाली लिखित मुख्य परीक्षा में अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने बलिया–लखनऊ जंक्शन के बीच परीक्षा विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। परीक्षा प्रदेश के 12 जनपदों में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक 229 परीक्षा केंद्रों पर होगी।

गाड़ी संख्या 05133 बलिया–लखनऊ जंक्शन परीक्षा विशेष 22 अगस्त को बलिया से शाम 7:30 बजे रवाना होगी। यह रसड़ा, मऊ, आजमगढ़, शाहगंज, अम्बेडकर नगर, अयोध्या धाम, बाराबंकी और बादशाहनगर होते हुए 23 अगस्त की सुबह 6:15 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 05134 लखनऊ जंक्शन–बलिया परीक्षा विशेष 23 अगस्त को शाम 3:45 बजे लखनऊ जंक्शन से चलेगी और बादशाहनगर, बाराबंकी, अयोध्या धाम, अम्बेडकर नगर, शाहगंज, आजमगढ़, मऊ और रसड़ा होते हुए 24 अगस्त की सुबह 2:20 बजे बलिया पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन ने ट्रेन के सुचारु संचालन, समयपालन, सुरक्षा, साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। अभ्यर्थियों से पर्याप्त समय पहले स्टेशन पहुंचने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई है।









