वाराणसी । ग्राम सभा औसानपुर में बुधवार को करीब 150 वर्ष पुराना नीम का पेड़ अचानक टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। यह पेड़ वर्षों से हनुमान जी के मंदिर को छाया प्रदान करता था। पेड़ गिरने से समस्त ग्रामवासी भावुक और दुखी हैं। हालांकि श्रद्धालुओं के अनुसार, हनुमान जी की प्रतिमा पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा और प्रतिमा अपने स्थान पर सुरक्षित एवं यथावत विराजमान रही।
घटना के बाद ग्रामीणों ने हनुमान जी के मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रभारी एवं शक्ति केंद्र संयोजक, औसानपुर आशुतोष सिंह ने सभी ग्रामवासियों, श्रद्धालुओं और भक्तों से मंदिर निर्माण में यथासंभव सहयोग करने की अपील की है।
उन्होंने भाजपा के मंडल अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं, विधायक त्रिभुवन राम, ब्लॉक प्रमुख अखंड प्रताप सिंह, डॉ. दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’, नागेंद्र रघुवंशी, ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य तथा सभी सहयोगी बंधुओं से मंदिर निर्माण में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग से हनुमान जी के मंदिर का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराया जा सकेगा।







