बलिया । मे फेफना थाना क्षेत्र के थम्मनपुर गांव में मंगलवार शाम करीब 6 बजे चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार ऋषिकांत दुबे पुत्र गुड्डू दुबे निवासी थम्मनपुर को अभिषेक पासवान पुत्र भूपेंद्र पासवान ने पेट में चाकू मार दिया। घटना की सूचना मिलते ही फेफना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल बलिया पहुंचाया।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों की टीम ने ऋषिकांत दुबे की हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बीएचयू अस्पताल, वाराणसी रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।पुलिस ने बताया कि घायल के परिजनों से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, आरोपी अभिषेक पासवान को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में स्थिति पर पुलिस की नजर बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर अक्षय कुमार ने घटना को लेकर जानकारी दी।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।







