Search
Close this search box.

डेढ़ घंटे में जलजमाव से राहत, नगर निगम ने 11 मार्गों से हटाए गिरे पेड़

वाराणसी । रातभर हुई मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के बाद शहर में जलजमाव और पेड़ गिरने की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने त्वरित कार्रवाई की। बारिश थमते ही महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने खुद मोर्चा संभालते हुए विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निगम की टीमों ने महज डेढ़ घंटे में अधिकांश प्रभावित क्षेत्रों से पानी की निकासी कराकर यातायात व्यवस्था सामान्य करा दी।

भारी बारिश के चलते सुंदरपुर, सुसवाही, संसदीय कार्यालय के पास, आदमपुर पुलिस चौकी, आदमपुर वार्ड, लक्ष्मी मंदिर-अशोक विहार कॉलोनी और आशापुर से हवेलियां चौराहा तक 11 स्थानों पर पेड़ गिर गए थे। नगर निगम की टीमों ने तत्काल पेड़ों की कटाई कर रास्ते साफ कराए और लकड़ियों को हटाने का कार्य भी तेज गति से किया।

महापौर ने रविंद्रपुरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में जल-निकासी कार्य का निरीक्षण किया। जलकल विभाग के महाप्रबंधक अनूप सिंह और अधिशासी अभियंता आगम कटियार समेत अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। वहीं नगर आयुक्त ने कचहरी, तहसील सदर, गिलट बाजार, नदेसर, अंधरापुल, सिगरा, रथयात्रा, गुरुबाग, भेलूपुर, रविंद्रपुरी और बीएचयू गेट तक निरीक्षण कर गली-पिट्स व नालियों की सिल्ट साफ कराई।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को जलभराव की शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

Leave a Comment

और पढ़ें