वाराणसी । 31 अगस्त 2026 वाराणसी मंडल में सोमवार को सेवानिवृत्त होने वाले 14 रेलकर्मियों को उनके समापक देयों का भुगतान किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में डीआरएम कार्यालय स्थित प्रेमचंद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को विभिन्न दस्तावेज एवं भुगतान संबंधी अभिलेख सौंपे गए।

इस अवसर पर डीआरएम आशीष जैन ने सभी सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय रेल में लंबे समय तक निष्ठा, मेहनत और समर्पण के साथ सेवाएं दी हैं। उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद डिजिटल धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी अनजान फोन कॉल, संदेश या लिंक पर भरोसा न करें तथा ओटीपी और बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें।

डीआरएम ने बताया कि कार्मिक विभाग की तत्परता से सेवानिवृत्ति के दिन ही रिक्त पदों पर वरीयता क्रम में चार पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति पत्र प्रदान किए गए। इनमें शर्वेन्द्र कुमार शर्मा, मु. अफजल खां, रेखा वर्मा और अरुण कुमार शामिल हैं।


वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आई-कार्ड, सेवा प्रमाणपत्र, पीपीओ, डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र सहित आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी। कार्यक्रम में मंडल वित्त प्रबंधक एन.एन. पाण्डेय, सहायक कार्मिक अधिकारी रामसिंह समेत लेखा एवं कार्मिक विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




