गाजीपुर । दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन मार्ग पर चौबेपुरा मार्ग स्थित देवा गांव के पास लंबे समय से जलभराव और गहरे गड्ढों की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। रेलवे निर्माण विभाग की कथित उदासीनता से नाराज समाजसेवियों और ग्रामीणों ने पानी से लबालब सड़क पर धान की रोपाई कर अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शन को देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

ग्रामीणों का कहना है कि करीब छह माह से सड़क पर जलजमाव और गड्ढों की समस्या बनी हुई है। बारिश के बाद हालात और गंभीर हो गए हैं। करीब पांच किलोमीटर लंबे मार्ग पर कई स्थानों पर घुटने तक पानी भरा है और गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। आए दिन बाइक सवार और पैदल राहगीर गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
समाजसेवियों अनिकेत चौहान, जावेद आलम उर्फ जिम्मी, संदीप प्रजापति, शुभम गुप्ता, विष्णु चौहान, गोपाल चौहान, पवन कुमार और आदर्श समेत दर्जनों लोगों ने तत्काल जल निकासी और सड़क की मरम्मत की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
रिपोर्टिंग उमेश यादव गाजीपुर।



