Search
Close this search box.

बरेका में दो अधिकारियों समेत 12 सेवानिवृत्त कर्मियों को भावभीनी विदाई

वाराणसी । बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में अगस्त 2026 में सेवानिवृत्त हुए दो अधिकारियों एवं दस कर्मचारियों के सम्मान में प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने की। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को माल्यार्पण कर फोल्डर प्रदान करते हुए सम्मानित किया।

महाप्रबंधक ने कहा कि “सेवानिवृत्ति नौकरी से विदाई है, जीवन से नहीं, बल्कि जीवन के नए और सार्थक अध्याय की शुरुआत है।” उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वास्थ्य, परिवार, वित्तीय प्रबंधन और सामाजिक सरोकारों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। साथ ही सकारात्मक सोच, आध्यात्मिक चेतना और अच्छे कार्यों से जुड़े रहने का संदेश दिया।

समारोह में सेवानिवृत्त वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त संजय पीसे और सहायक वित्त सलाहकार रमा शंकर जायसवाल सहित अन्य कर्मियों ने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। अधिकारियों ने ध्यान, स्वास्थ्य देखभाल और वित्तीय सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैंक अधिकारियों ने निवेश, वित्तीय प्रबंधन और साइबर सुरक्षा की जानकारी दी।

इस अवसर पर संजय पीसे, रमा शंकर जायसवाल, विनोद कुमार सिंह, धर्मशीला देवी, राजाराम, देवानंद देव पाण्डेय, संजू सिन्हा, फूला देवी, शशि भूषण, नय्यर आजम, किरन देवी एवं शिवशंकर कुमार सहित 12 कर्मी सेवानिवृत्त हुए। कार्यक्रम में बरेका के अधिकारी, कर्मचारी, परिजन एवं सहकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Comment