कौशाम्बी । सैनी कोतवाली क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव में पत्नी के साथ ससुराल में रह रहे 26 वर्षीय युवक विजय कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव फांसी के फंदे पर मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के नौगीरा गोसाई तारा चकपुर का निवासी था और बीते कुछ समय से पत्नी के दबाव में त्रिलोकपुर स्थित किराए के मकान में रह रहा था।
परिजनों के अनुसार मकान पर बाहरी लोगों के लगातार आने-जाने का विजय विरोध करता था, जिसके चलते उसका पत्नी से अक्सर विवाद होता था। रविवार सुबह पत्नी ने परिवार को सूचना दी कि विजय ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।घटना की जानकारी पर सैनी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।




