लखनऊ । राजभवन में आयोजित भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी की वार्षिक आमसभा (एजीएम) में लखनऊ रेड क्रॉस सोसायटी को वर्ष 2025-26 में सर्वांगीण गतिविधियों के लिए राज्यपाल महोदया द्वारा सम्मानित किया गया। संस्था की ओर से कोषाध्यक्ष नवीन गुप्ता एवं आपदा प्रबंधन अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह ने प्रमाण पत्र प्राप्त किया।
कार्यक्रम में राज्यपाल महोदया के साथ उपमुख्यमंत्री एवं सभापति ब्रजेश पाठक, उपसभापति अमरनाथ मिश्र, सचिव रामानंद कटियार, भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी भारत, नई दिल्ली की संयुक्त सचिव बांसुरी सहित विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
लखनऊ रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव अमरनाथ मिश्र ने बताया कि वर्ष 2025-26 में संस्था ने सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए। टीम द्वारा 297 यूनिट रक्तदान, क्षय रोगियों को 486 पोषण पोटली वितरित की गईं। संस्था ने छह जरूरतमंद मरीजों को ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराने के साथ अस्पतालों को 50 व्हीलचेयर और 50 स्ट्रेचर प्रदान किए। सर्दी के दौरान कंबल वितरण तथा दिव्यांगजनों को 10 ट्राईसाइकिल भी उपलब्ध कराई गईं। संस्था की इन जनसेवा गतिविधियों को देखते हुए उसे यह सम्मान प्रदान किया गया।




