वाराणसी । विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर एपेक्स हॉस्पिटल वाराणसी एवं एपेक्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग के संयुक्त तत्वावधान में रविवार सुबह तंबाकू निषेध जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को मुख्य अतिथि डॉ. सौरभ (डिस्ट्रिक्ट कंसल्टेंट, नेशनल टोबैको कंट्रोल प्रोग्राम), एपेक्स की निदेशिका डॉ. अंकिता पटेल तथा उप-प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. गीता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली एपेक्स हॉस्पिटल परिसर से प्रारंभ होकर बीएलडब्ल्यू क्षेत्र होते हुए एपेक्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग पर संपन्न हुई।
रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने “तंबाकू का आकर्षण एक भ्रम है” और “तंबाकू छोड़ें, जीवन जोड़ें” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर कैंसर विशेषज्ञों एवं नेशनल टोबैको कंट्रोल प्रोग्राम की टीम ने तंबाकू और निकोटीन उत्पादों के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इनके सेवन से कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक तथा फेफड़ों की गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
कार्यक्रम में चिकित्सकों, डीएनबी रेजीडेंट्स, नर्सिंग विद्यार्थियों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।





