Search
Close this search box.

संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत: मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस ने कराया अंतिम संस्कार

वाराणसी । जनपद के लोहता थाना क्षेत्र के सरहरी गांव की एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, सरहरी गांव निवासी महिला की शादी गांव के ही संजय मौर्य के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि महिला अपने ननद के घर मुंबई-पुणे में रह रही थी, जहां वह फांसी के फंदे से लटकी हुई मृत पाई गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद महिला के मायके पक्ष ने उसकी मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई। इसके बाद परिजन एम्बुलेंस से शव को लेकर सरहरी गांव पहुंचे। गांव में शव के अंतिम संस्कार को लेकर ससुराल और मायके पक्ष के बीच तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई।

सूचना पर लोहता थाना प्रभारी निरीक्षक दिगंबर उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया तथा उनकी बातों को गंभीरता से सुना। पुलिस ने परिजनों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक धैर्य रखने की सलाह दी।

थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों की सहमति से शव का अंतिम संस्कार कराया गया। मामले की जांच जारी है।

Leave a Comment

और पढ़ें