Search
Close this search box.

उभांव थाने में ऑडियो वायरल: दो इंस्पेक्टर निलंबित, महिला से दुष्कर्म दबाव का आरोप

बलिया । जनपद के थाना उभांव में तैनात तत्कालीन निरीक्षक (अपराध) नरेश कुमार मलिक का एक ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल ऑडियो में आवेदिका के आरोपपत्र को जमा करने के लिए आपत्तिजनक वार्ता सामने आई है, जिसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया। इसके बाद 13 अप्रैल 2026 को आरोपी निरीक्षक नरेश मलिक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

मामले की जांच के दौरान थाना उभांव के प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ला की भी संलिप्तता के आरोप सामने आए। इस आधार पर उन्हें भी 15 अप्रैल 2026 को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। पीड़ित महिला ने दोनों अधिकारियों पर आरोप लगाया है कि चार्जशीट तैयार करने के बदले उससे शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला गया। इस संबंध में कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।

पूरे प्रकरण की जांच अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) द्वारा की जा रही है। फिलहाल पीड़िता कहीं बाहर गई हुई है और पुलिस द्वारा उससे संपर्क स्थापित करने का प्रयास जारी है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता से संपर्क होते ही नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, निरीक्षक दिनेश कुमार पाठक को थाना उभांव का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।

अवधेश यादव रिपोर्टर बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें