आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में शनिवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां पत्नी को कथित तौर पर उसके प्रेमी के साथ देखकर बौखलाए पति ने युवक पर गोली चला दी। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के बैसडीह गांव स्थित अमृत सरोवर के पास शाम करीब 6 बजे की है। बताया जा रहा है कि आरोपी पति पहले से घात लगाए बैठा था। जैसे ही उसने अपनी पत्नी को एक युवक के साथ जाते देखा, उसने आपा खो दिया और कट्टे से फायर कर दिया। गोली युवक के हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच हाथापाई भी हुई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस के जरिए घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान अंजली के रूप में हुई है, जो कोतवाली क्षेत्र के कतरा कुटिया आंखूपुर की निवासी है। उसकी शादी कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मेनमवली गांव निवासी केसरी चौहान से हुई थी। बताया जा रहा है कि महिला पिछले कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी और उसके तीन बच्चे हैं।
घायल युवक की पहचान रमेश कुमार, निवासी पेंडरा के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा तथा पूरे मामले की गहन जांच जारी है।








