Search
Close this search box.

बरेका ने रचा इतिहास: वित्तीय वर्ष 2024-25 में 477 रेल इंजन बनाकर तोड़ा पिछला रिकॉर्ड

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

.. मार्च 2025 में बरेका का नया कीर्तिमान: एक महीने में रिकॉर्ड 61 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव का निर्माण
जनवरी 2025 में बरेका की बड़ी उपलब्धि: 124 इलेक्ट्रिक लोको बोगी बनाकर तोड़ा पिछला रिकॉर्ड

वाराणसी: बनारस रेल इंजन कारखाना ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए वित्तीय वर्ष 2024-25 की समाप्ति पर 477 रेल इंजनों का निर्माण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। यह किसी भी वित्तीय वर्ष में बरेका द्वारा किया गया अब तक का सर्वाधिक लोको उत्पादन है। इस उपलब्धि के तहत, बरेका ने भारतीय रेलवे के लिए 472 विद्युत रेल इंजन और 5 डीजल रेल इंजन घरेलू ग्राहकों के लिए निर्मित किए हैं।

बरेका की स्थापना से लेकर अब तक कुल 10,687 रेल इंजनों का निर्माण किया जा चुका है, जिसमें 2367 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव शामिल हैं। उत्कृष्ट उत्पादन के लिए 5 बार सर्वश्रेष्ठ उत्पादन इकाई का सम्मान प्राप्त करने वाले बरेका ने दिसंबर 2023 में 10,000वें लोकोमोटिव का निर्माण कर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्र को समर्पित करने का गौरव भी प्राप्त किया।

जनवरी और मार्च 2025 में ऐतिहासिक रिकॉर्ड

जनवरी 2025 में, बरेका ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 124 इलेक्ट्रिक लोको बोगियों का निर्माण किया, जो कि पूर्व में बनाए गए 110 बोगियों के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए एक नया मील का पत्थर स्थापित करता है।

मार्च 2025 में, बरेका ने 61 विद्युत रेल इंजनों का निर्माण कर एक नया रिकॉर्ड कायम किया, जो किसी भी एक माह में अब तक का सर्वाधिक उत्पादन है।
उत्कृष्ट लोको निर्माण के साथ-साथ, बरेका ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति भी कृतसंकल्पित है।

भूमिगत जल संचरण बनाए रखने के लिए तालाबों और सोक पिट के माध्यम से हर साल हजारों लीटर वर्षा जल का संचय किया जा रहा है। सौर ऊर्जा का अधिकतम उपयोग करते हुए, बरेका ने ग्रिड विद्युत खपत में 23.25% की कमी दर्ज की है।

ऊर्जा संरक्षण 2024 में उत्कृष्ट कार्य के लिए उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण द्वारा प्रतिष्ठित ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

20 मार्च 2025 को, राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु बरेका को प्रथम पुरस्कार के रूप में “रेल मंत्री राजभाषा शील्ड” से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि बरेका की हिंदी के प्रति प्रतिबद्धता और सतत प्रयासों का प्रतीक है।

रेल मंत्रालय ने बरेका को वित्तीय वर्ष 2025-26 में 500 विद्युत रेल इंजन निर्माण का लक्ष्य सौंपा है। इस अवसर पर, महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह ने बरेका के अधिकारियों, कर्मचारियों और महिला कर्मियों को वित्तीय वर्ष 2024-25 की ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी।

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यह सफलता बरेका के कर्मठ कर्मचारियों की कड़ी मेहनत और रेलवे बोर्ड द्वारा दी गई चुनौतियों को स्वीकार करने की तत्परता का परिणाम है। उन्होंने पूर्ण विश्वास जताया कि बरेका नए वित्तीय वर्ष के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को भी सफलतापूर्वक प्राप्त करेगा।

Ujala Sanchar
Author: Ujala Sanchar

उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें