Search
Close this search box.

गाजीपुर: पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामिया गो तस्‍कर सूरज यादव गिरफ्तार

गाजीपुर । सादात थाना क्षेत्र के इटवा रामपुर तिराहा के पास रविवार की रात हुई पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी गो तस्कर सूरज यादव उर्फ नागेंद्र यादव गिरफ्तार कर लिया गया। वह मुकदमा संख्या 81/2026, धारा 3/5ए/5बी/08 गोवध निवारण अधिनियम से संबंधित मामले में वांछित था। मुठभेड़ के बाद उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस उसका सीएचसी सादात पर इलाज कराने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए जिला मुख्यालय लेकर चली गई।

सादात पुलिस द्वारा रविवार की शाम अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक सादात अपनी टीम के साथ खिदिरगंज चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना स्थानीय पर पंजीकृत गोवध निवारण अधिनियम के अपराध में वांछित सूरज यादव उर्फ नागेंद्र यादव पुत्र तिलकू यादव उर्फ तिलकधारी यादव निवासी ग्राम खिदिरगंज, थाना सादात, जो 25,000 रुपये का इनामी है, मोटरसाइकिल से खिदिरगंज बाजार से रामपुर इटवा तिराहा होकर खानपुर की ओर जाने की फिराक में है।

सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक सादात पन्ने लाल यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा रामपुर इटवा तिराहे पर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर अभियुक्त ने खेत की आड़ लेकर पुलिस दल पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में अभियुक्त सूरज यादव के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। उसे तत्काल उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उसका आपराधिक इतिहास इस प्रकार है: 1. मुकदमा संख्या 81/2026 धारा 03/5ए/5बी/08 गोवध निवारण अधिनियम, थाना सादात। 2. मुकदमा संख्या 68/2021 धारा 03/5ए/5बी/08 गोवध निवारण अधिनियम, थाना जमानिया। 3. मुकदमा संख्या 366/2021 धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट, थाना जमानिया। 4. मुकदमा संख्या 1026/2017 धारा 3/25 आयुध अधिनियम, थाना खानपुर। 5. मुकदमा संख्या 145/2022 धारा 386/504/506 भादवि, थाना मेहनाजपुर, आजमगढ़।

मुठभेड़ और गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक पन्नेलाल यादव, उपनिरीक्षक लालबहादुर सिंह और उपनिरीक्षक पुनीत कुमार (चौकी प्रभारी मखदूमपुर) सहित थाना सादात की टीम शामिल थी।

संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें