बलिया । जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें सहायक उपकरण वितरित किए। कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में उन्होंने दिव्यांग मोहम्मद अली और सूरज चौहान, निवासी ग्राम सलेमपुर विकास खण्ड चिलकहर, को स्मार्ट केन प्रदान की। वहीं ग्राम बारेबोझ की कुमारी सीमा और ग्राम सलेमपुर के जवाहिर को बैसाखी देकर उनके दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाने का प्रयास किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में ऐसे जरूरतमंद लोगों की पहचान कर उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को सहायता से वंचित न रहना पड़े।

जनसुनवाई कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं भी जिलाधिकारी ने गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। प्रशासन की इस पहल से दिव्यांगजनों और आम नागरिकों में संतोष देखने को मिला।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।









