बलिया। रसड़ा सोमवार दोपहर लगभग तीन बजे अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवा, आंधी व तूफान ने पूरे क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज चक्रवाती हवाओं के चलते जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं कई स्थानों पर नुकसान भी देखने को मिला। आंधी के कारण बिजली व्यवस्था बाधित हो गई तथा पेड़, छज्जे, प्लास्टिक शेड और अस्थायी दुकानों के टीन-करकट उड़ गए। फुटपाथ पर रोजमर्रा की दुकान लगाने वाले दुकानदारों को विशेष नुकसान उठाना पड़ा।
तेज हवा से आम के फलों को भी भारी क्षति पहुंची। झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों ने अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। हालांकि बारिश नहीं हुई, लेकिन मौसम ठंडा होने से लोगों ने राहत महसूस की। आंधी थमने के बाद फिर धूप निकल आई, जिसे देखकर लोग कहने लगे कि मौसम की यह बदलाव भरी लीला भी अद्भुत है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।









