वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, भव्यता और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने ध्वजारोहण कर रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

समारोह के अवसर पर कार्मिक विभाग की कर्मचारी कल्याण निधि के माध्यम से मंडल के दिव्यांग रेल कर्मचारियों को स्कूटी वितरित की गई। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने सुनताज अली, चंदन, विनोद कुमार, जितेंद्र चौधरी एवं अवध किशोर यादव को स्कूटी प्रदान की।
इस अवसर पर आशीष जैन ने कहा कि कर्मचारी कल्याण वाराणसी मंडल की प्राथमिकताओं में प्रमुख है। दिव्यांग कर्मचारियों को स्कूटी उपलब्ध कराने की पहल उनके दैनिक आवागमन को सुगम बनाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि रेलवे कर्मचारियों के बेहतर कार्य-जीवन और कल्याण के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी कल्याण की विभिन्न योजनाओं के तहत दिव्यांग कर्मचारियों को स्कूटी वितरण समावेशी दृष्टिकोण का महत्वपूर्ण उदाहरण है। इससे कर्मचारियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और कार्यस्थल तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक अजय सिंह, अशोक कुमार वर्मा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह, मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा वाणी जैन सहित मंडलीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




