वाराणसी । बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। बरेका स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सलामी दी। रेलवे सुरक्षा बल, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड, नागरिक सुरक्षा दल, भारत स्काउट एवं गाइड तथा बरेका इंटर कॉलेज की टुकड़ियों ने परेड में हिस्सा लिया।
महाप्रबंधक ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को नमन करते हुए कहा कि बरेका केवल एक कारखाना नहीं, बल्कि “विरासत बनारस की, गति आधुनिक भारत की” की पहचान है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 460 विद्युत रेल इंजनों के निर्माण का लक्ष्य है, जिसमें 166 अमृत भारत लोकोमोटिव शामिल हैं। जुलाई 2026 में 65 विद्युत लोकोमोटिव का रिकॉर्ड मासिक उत्पादन किया गया।
उन्होंने बताया कि बरेका अब तक 11,400 से अधिक रेल इंजन बना चुका है और 11 देशों को 180 से अधिक लोकोमोटिव निर्यात किए गए हैं। वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड उत्पादन, तकनीकी नवाचार, सौर ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और कौशल विकास की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया।

समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ दिव्यांग कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को सहायक उपकरण और स्मार्ट ग्लास वितरित किए गए। बच्चों ने देशभक्ति गीतों, नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से समां बांध दिया। समारोह के बाद बरेका चिकित्सालय में अत्याधुनिक हाईटेक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का उद्घाटन भी किया गया।








