गाजीपुर । जनपद के कासिमाबाद क्षेत्र के गेंहूरी स्थित लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती एकता सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया। इसके बाद विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार ने राष्ट्रगान प्रस्तुत कर तिरंगे को नमन किया।

समारोह में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया।


कार्यक्रम का विशेष आकर्षण भारतीय वायुसेना, नौसेना एवं सशस्त्र सेनाओं की वीरता, साहस और कर्तव्यनिष्ठा पर आधारित प्रस्तुति रही। विद्यार्थियों ने देश की सीमाओं की रक्षा में भारतीय जवानों के योगदान और उनके समर्पण को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं बाल विद्यार्थियों ने महान स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन और संघर्ष पर आधारित शानदार नृत्य प्रस्तुत कर देशभक्ति का संदेश दिया।


कार्यक्रम ने बच्चों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत किया। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी की कामना की।
रिपोर्टिंग मरदह धमेंद्र कुमार।








