बलिया । जनपद में जनता जनार्दन मंच, पूर्वांचल सांस्कृतिक प्रतिभा मंच एवं विभिन्न संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में सात सूत्रीय अनुमोदित मांगों को लेकर एक महत्वपूर्ण चर्चा एवं परिचर्चा आयोजित की गई। इस दौरान जिला मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज द्वारा सात सूत्रीय मांगों की जांच/आख्या रिपोर्ट प्रस्तुत कर अनुमोदन किए जाने पर उपस्थित लोगों ने उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं मालवीय मुरली बाबू के बचपन के साथी रामजी ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को संबोधित ज्ञापन और जनसुनवाई प्रकरण संख्या 20019326003494 का हवाला देते हुए कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश पर सीडीओ ने 13 मई 2026 को ही अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत कर आवश्यक कार्रवाई हेतु अनुमोदन कर दिया है।

चर्चा में 19 अगस्त बलिया बलिदान दिवस को राष्ट्रीय मान्यता, पुरानी पेंशन योजना की बहाली, नई पेंशन एवं यूपीएस समाप्त करने, संविदाकर्मियों के स्थायीकरण, शोधार्थियों को ₹25 हजार प्रतिमाह छात्रवृत्ति, आधार कार्ड की अनिवार्यता समाप्त करने तथा मुरली मनोहर के नाम पर केंद्रीय विश्वविद्यालय स्थापित करने जैसी मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।
कार्यक्रम में प्रो. संतोष प्रसाद गुप्त, डॉ. प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, डॉ. सुशील कुमार श्रीवास्तव, डॉ. फतेह चंद बेचैन सहित कई सामाजिक, शैक्षणिक और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। वक्ताओं ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही इन मांगों पर सकारात्मक घोषणा कर सकती है। अंत में संयोजक आकाश शर्मा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।









