Search
Close this search box.

मऊ–शाहगंज रेलखंड का डीआरएम आशीष जैन ने किया विंडो निरीक्षण, यात्री सुविधाओं और संरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश

वाराणसी । 04 जुलाई 2026 यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने शनिवार को मऊ–शाहगंज रेलखंड का विंडो निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न स्टेशनों, समपारों, यार्डों तथा रेल परिसंपत्तियों की संरक्षा और यात्री सुविधाओं का गहन जायजा लिया।

डीआरएम ने खुरहट–मुहम्मदाबाद के बीच एलएचएस संख्या-10 का निरीक्षण कर वर्षा ऋतु में जलभराव से बचाव के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फरिया–सरायरानी के मध्य समपार संख्या-40A पर गेटमैन से संरक्षा संबंधी जानकारी लेकर सतर्कता बनाए रखने पर जोर दिया। सरायमीर गुड्स शेड में साफ-सफाई, लोडिंग-अनलोडिंग व्यवस्था और श्रमिक सुविधाओं की समीक्षा की गई, जबकि फरिहा यार्ड में पॉइंट संख्या-206A का तकनीकी निरीक्षण कर सभी मानकों के पालन के निर्देश दिए।

फरिहा, सरायमीर और दीदारगंज रोड स्टेशनों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। सरायमीर स्टेशन की बाउंड्री वॉल की मरम्मत तथा दीदारगंज रोड स्टेशन पर पुराने शौचालय को हटाने और स्टेशन अधीक्षक कार्यालय की मरम्मत के निर्देश दिए गए।

खोरासन रोड स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीआरएम ने सभी कार्य समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडलीय अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें