वाराणसी। आयुष्मान भारत योजना का लाभ लेने वाले मरीजों की संख्या में बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार योजना शुरू होने के बाद से यहां उपचार प्राप्त करने वाले मरीजों की संख्या लगभग 35 गुना बढ़ गई है।
विश्वविद्यालय के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2018 से अब तक 34,363 से अधिक लाभार्थी आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज करा चुके हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र के रूप में पहचाने जाने वाले सर सुंदरलाल अस्पताल में प्रतिदिन 10 हजार से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं।
अस्पताल में कैंसर, हृदय रोग, मधुमेह सहित कई गंभीर बीमारियों का उपचार किया जाता है। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और आयुष्मान भारत योजना के लाभ के कारण उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार और झारखंड से भी बड़ी संख्या में मरीज यहां इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि योजना के विस्तार और जागरूकता बढ़ने के साथ लाभार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।







