सोनभद्र । 20 अप्रैल 2026। जनपद में बढ़ती तेज धूप और लू के प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों के समय में तत्काल बदलाव किया गया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी निर्देश के अनुसार कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालय अब प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होंगे। यह निर्णय विद्यार्थियों को भीषण गर्मी से राहत देने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।
प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधनों को निर्देशित किया है कि नए समय का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि बच्चों को लू और अत्यधिक तापमान के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।







