राजातालाब । क्षेत्र के शाहंशाहपुर स्थित भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान द्वारा राष्ट्रीय उर्वरक जागरूकता अभियान के अंतर्गत गाज़ीपुर जनपद के हंसराजपुर एवं नियामताबाद गांवों में शुक्रवार को कृषक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों को उर्वरक प्रबंधन तथा जैव उर्वरकों के उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।

हंसराजपुर गांव में आयोजित कार्यक्रम में 20 पुरुष और 30 महिला सहित कुल 50 कृषकों ने भाग लिया, जबकि नियामताबाद गांव में 20 पुरुष और 20 महिला सहित कुल 40 किसानों की सहभागिता रही। दोनों स्थानों पर किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. डी.पी. सिंह ने जैव उर्वरकों के महत्व और उनके प्रभावी उपयोग पर विस्तृत जानकारी दी। वहीं डॉ. इन्दीवर प्रसाद ने सब्जी फसलों में संतुलित और विवेकपूर्ण उर्वरक प्रयोग पर जोर दिया, जिससे उत्पादन लागत में कमी और गुणवत्ता में सुधार संभव है।
यह कार्यक्रम समुन्नति फाउंडेशन एवं किसान उत्पादक संगठनों के सहयोग से आयोजित हुआ। अंत में किसानों ने वैज्ञानिकों से संवाद कर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का संकल्प लिया।







