सेवापुरी । विकासखंड स्थित साधन सहकारी समिति भटौली में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टॉक रजिस्टर, क्रय पंजिका, पंजीकरण प्रपत्र सहित विभिन्न अभिलेखों की गहन जांच की और गेहूं खरीद व्यवस्था की समीक्षा करते हुए किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
केंद्र प्रभारी रोहित मौर्य ने बताया कि गुरुवार तक 8 किसानों से कुल 281 क्विंटल 50 किलोग्राम गेहूं की खरीद की जा चुकी है। साथ ही अन्य किसानों को भी बिक्री के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक दो किसानों का भुगतान किया जा चुका है और केंद्र के लिए 5000 क्विंटल खरीद का लक्ष्य निर्धारित है।
किसानों की सुविधा के लिए सत्यापन और फार्मर रजिस्ट्री की अनिवार्यता फिलहाल स्थगित कर दी गई है। इस दौरान कई जनप्रतिनिधि और किसान उपस्थित रहे।







