चन्दौली। रामनगर खेल और आत्मरक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में डेकाथलॉन स्पोर्ट्स एंड मार्शल आर्ट स्कूल की दूसरी शाखा का भव्य शुभारंभ 390 कैंट विधानसभा क्षेत्र के विधायक सौरभ श्रीवास्तव द्वारा किया गया। रामनगर चौक स्थित भगवत निवास में स्थापित इस नई शाखा के उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अकादमी के उन खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जिन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्शल आर्ट एवं आत्मरक्षा प्रदर्शन रहा। टाइल्स ब्रेकिंग, लाठी संचालन और विभिन्न तकनीकों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। अकादमी के संस्थापक सौरभ केसरी ने बताया कि जिन बालिकाओं के माता-पिता दोनों जीवित नहीं हैं, उन्हें अकादमी में निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस सामाजिक पहल की सभी अतिथियों और नागरिकों ने सराहना की।
समारोह में शिक्षा, खेल और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। अंत में अकादमी परिवार ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए खेल एवं आत्मरक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने का संकल्प दोहराया।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।







