मीरजापुर । शासन के निर्देशानुसार जनपद में आयोजित ‘भूजल सप्ताह’ के अंतर्गत चलाए गए ‘जल संरक्षण करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प’ अभियान का समापन बुधवार को जनजागरूकता रैली के साथ हुआ। रैली का उद्देश्य लोगों को भूजल संरक्षण और जल के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।

मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार एवं जिला विकास अधिकारी राजीव कुमार शर्मा ने विकास भवन से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जल संरक्षण से जुड़े संदेशों और नारों के माध्यम से आमजन को जल की महत्ता समझाई। ‘जल है तो कल है’, ‘जल ही जीवन है’ तथा ‘जल संरक्षण करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प’ जैसे नारों से लोगों को भूजल के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि जल का संरक्षण वर्तमान के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी आवश्यक है। भूजल स्तर को बनाए रखने के लिए वर्षा जल संचयन, जल का सीमित एवं आवश्यकतानुसार उपयोग तथा जल स्रोतों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देना होगा।
रैली में सहायक अभियंता महेश कुमार वर्मा, अवर अभियंता विजय कुमार, उमेश मिश्रा, अधिशासी अभियंता विपिन कुमार यादव, बृजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।







