गाजीपुर । राजकीय मेडिकल कॉलेज से शनिवार तड़के पुलिस अभिरक्षा में भर्ती हिस्ट्रीशीटर सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी फरार हो गया। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सुधीर 21 अगस्त को पैरों में लगी गोली के ऑपरेशन के लिए जिला कारागार से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।
बताया गया कि शनिवार सुबह करीब चार बजे वह व्हीलचेयर से दूसरे तल स्थित बर्न वार्ड के शौचालय में गया। बाहर पुलिसकर्मी तैनात था। करीब 15 मिनट तक बाहर नहीं आने पर दरवाजा खटखटाया गया। जवाब नहीं मिलने पर लॉक तोड़ा गया तो शौचालय की जाली टूटी मिली और सुधीर गायब था। मौके पर व्हीलचेयर और गमछा पड़ा मिला।
सुधीर मरदह थाने का हिस्ट्रीशीटर HS-92A है। पुलिस के अनुसार एक अगस्त को गहमर क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी। उसके खिलाफ करीब 35 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। घटना ने पुलिस अभिरक्षा और मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।

