वाराणसी । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं फादर्स डे के अवसर पर जय श्री कृष्णा (JSK) फाउंडेशन द्वारा रविवार को होटल विश्वम, बीएलडब्ल्यू रोड में भव्य संगीतमय योग शिविर का आयोजन किया गया। “योग करें, संगीत के साथ करें—तन स्वस्थ, मन प्रसन्न” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


शिविर की विशेषता यह रही कि सभी प्रतिभागियों ने सफेद टी-शर्ट पहनकर एकता, शांति और अनुशासन का संदेश दिया। योग गुरु अनिल केसरी, संजय शर्मा और मनीष राय ने मधुर संगीत के साथ योगाभ्यास कराते हुए स्वास्थ्य एवं मानसिक संतुलन का महत्व बताया। संगीत और योग के अनूठे समन्वय ने प्रतिभागियों को विशेष रूप से आकर्षित किया।

फादर्स डे के अवसर पर “सभी के पापा” को मुख्य अतिथि के रूप में सम्मानित किया गया। इस दौरान विशिष्ट जनों को पौधा एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण और पारिवारिक संस्कारों का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक विनय गिरी ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। योग समन्वयक समीर सरीन, किरण गुप्ता, अनूप मिश्रा, राहुल गुप्ता, अमित सिकदर, मधु कोठारी, चंद्रशेखर राय और प्रकाश बागचंदानी के नेतृत्व में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर अनेक गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।











