Search
Close this search box.

ऑपरेशन के बाद मजदूर की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का लगाया आरोप

मीरजापुर । नारायणपुर चौकी क्षेत्र के बैकुंठपुर स्थित एक निजी अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के बाद एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और डॉक्टर की लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।

जानकारी के अनुसार, खिरौड़ी जमालपुर निवासी 38 वर्षीय राधेश्याम यादव पुत्र स्वर्गीय लालमणि यादव लंबे समय से पेट में पथरी की समस्या से पीड़ित थे। परिजनों ने रिश्तेदारों से कर्ज लेकर गुरुवार सुबह उनका ऑपरेशन कराया था। आरोप है कि ऑपरेशन के कुछ घंटों बाद ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और दोपहर में उनकी मौत हो गई।

मृतक के परिजनों का कहना है कि इलाज में लापरवाही के कारण राधेश्याम की जान गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए लोगों को शांत कराया। राधेश्याम मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है।

ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी इसी अस्पताल में इलाज के दौरान एक अन्य व्यक्ति की मौत को लेकर सवाल उठ चुके हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और परिजन निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें