Search
Close this search box.

लेडी सिंघम नीतू काद्दयान ने संभाली गोमती जोन की कमान, लापरवाह पुलिसकर्मियों को सख्त चेतावनी

वाराणसी। नीतू काद्दयान ने गोमती जोन की पुलिस उपायुक्त (DCP) के रूप में कार्यभार संभालते ही सख्त तेवर दिखाए हैं। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने जोन के सभी थाना प्रभारियों के साथ पहली परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक की, जिसमें साफ संदेश दिया गया कि अब लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।

बैठक के दौरान डीसीपी ने स्पष्ट किया कि थानों पर आने वाले हर फरियादी के साथ संवेदनशील, शिष्ट और सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही थानों में दलालों और बाहरी हस्तक्षेप पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए।

आधुनिक पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए नीतू काद्दयान ने तकनीक के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से समयबद्ध तरीके से केस से संबंधित डेटा तैयार करने, ‘यक्ष’ और ‘iGOT कर्मयोगी’ प्लेटफॉर्म पर अनिवार्य डेटा फीडिंग व प्रशिक्षण, तथा ई-समन पोर्टल के जरिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीसीपी ने गो-तस्करी, अवैध शराब और जुए जैसे संगठित अपराधों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाने की बात कही। उन्होंने बीट पुलिसिंग को मजबूत करने और हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि तकनीक अपनाने में ढिलाई बरतने या कोर्ट के समन/नोटिस की तामील में देरी करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य केवल अपराध रोकना नहीं, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना है। गोमती जोन की पुलिस को और अधिक सक्रिय, संवेदनशील और जवाबदेह बनाना हमारी प्राथमिकता है।”

Leave a Comment

और पढ़ें