मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से शादी से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब शादी का पूरा आयोजन मजाक बनकर रह गया।
जानकारी के मुताबिक, पिपरा डाड गांव निवासी वंदना की शादी वाराणसी के एक युवक से तय हुई थी। सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और बारात भी पहुंच गई थी, लेकिन शादी से ठीक पहले दूल्हा अचानक फरार हो गया।
स्थिति संभालने के लिए दूल्हे के पिता ने अपने अन्य बेटों से शादी कराने का प्रस्ताव रखा। इस दौरान दूसरा भाई बीमार पड़ गया, जबकि तीसरे भाई ने शादी से साफ इनकार कर दिया। आखिरकार परिवार के चौथे और सबसे छोटे बेटे से शादी की रस्में पूरी कराई गईं।
हालांकि, मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। शादी के बाद लड़का पक्ष बिना दुल्हन की विदाई कराए ही बारात लेकर वापस लौट गया। बताया जा रहा है कि अब ससुराल पक्ष ने शर्त रखी है कि जब तक पहला दूल्हा नहीं मिल जाता, तब तक विदाई नहीं की जाएगी।
इस पूरे घटनाक्रम से आहत दुल्हन और उसके परिजन न्याय की गुहार लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे हैं। उन्होंने इस धोखाधड़ी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।








