वाराणसी। स्वर्णकार समाज वाराणसी के संरक्षक एवं वरिष्ठ समाजसेवी मोतीलाल सेठ (80) का सोमवार रात दारानगर स्थित आवास पर निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन से स्वर्णकार समाज में शोक की लहर दौड़ गई।
मोतीलाल सेठ वर्ष 1996 में स्वर्णकार समाज वाराणसी के अध्यक्ष बने थे। इसके बाद उन्होंने समाज के संरक्षक के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वह बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ चुके थे। स्वर्णकार समाज धर्मशाला के निर्माण तथा समाज को संगठित और एकजुट करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उनके निधन की सूचना पर संरक्षक मुरली मनोहर सिंह, पूर्व महामंत्री डॉ. कैलाश सिंह विकास, प्रदीप जौहरी और ओमकार सेठ सहित समाज के पदाधिकारियों ने उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मोतीलाल सेठ की शवयात्रा दारानगर से निकली और मणिकर्णिका घाट पहुंची, जहां विधि-विधान से उनका अंतिम संस्कार किया गया। शवयात्रा में स्वर्णकार समाज के वरिष्ठ जनों, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।



