Search
Close this search box.

गंगा का जलस्तर बढ़ा, निहोरा नगर के 50 घरों में घुसा बाढ़ का पानी

बलिया । गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से निहोरा नगर के वार्ड नंबर 24 में करीब 50 घरों में बाढ़ का पानी पहुंच गया। स्थिति की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार को क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर बाढ़ प्रभावित इलाकों की वास्तविक स्थिति जानी। उन्होंने मौके पर मौजूद लेखपाल और कानूनगो से प्रभावित परिवारों की जानकारी ली और सभी वार्डों में व्यापक सर्वे कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने नगर पालिका क्षेत्र के सभी 25 वार्डों में सर्वे कराकर पानी से प्रभावित और सुरक्षित मकानों की सूची तैयार करने को कहा। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं तथा घर छोड़कर अन्य स्थानों पर विस्थापित हुए लोगों की अलग सूची बनाने के निर्देश दिए।

ग्राम यारपुर के ग्रामीणों ने संबंधित लेखपाल के क्षेत्र में निरीक्षण न करने की शिकायत की। इस पर डीएम ने लेखपाल को चेतावनी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल नावों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

वजीरापुर गांव का भी विस्तृत सर्वे कराने के निर्देश दिए गए। डीएम ने अधिकारियों को राहत एवं आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने तथा सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, एसडीएम सदर, तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment