बलिया । जनपद के रसड़ा नगर में इन दिनों वाहन चालान की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय वाहन चालकों का आरोप है कि पुलिस द्वारा निर्धारित मानकों के विपरीत मनमाने ढंग से चालान किए जा रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि बिना वाहन रोके मोबाइल से फोटो लेकर चालान की प्रक्रिया पूरी कर दी जाती है। यदि मौके पर बातचीत बन जाती है तो फोटो हटा दी जाती है, अन्यथा ऑनलाइन चालान कर दिया जाता है, जिसकी जानकारी वाहन स्वामी को बाद में मिलती है।
वाहन चालकों का आरोप है कि चालान की जानकारी मांगने पर पुलिसकर्मी संतोषजनक जवाब नहीं देते और कई बार अभद्र व्यवहार भी करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में चालान की कार्रवाई अधिक होती है, जबकि मुख्य मार्गों और चौराहों पर अपेक्षाकृत ढील दिखाई देती है।
प्यारेलाल चौराहा एवं नगरा मोड़ की बदली यातायात व्यवस्था को भी लोग परेशानी का कारण बता रहे हैं। उनका कहना है कि मार्ग परिवर्तन के कारण कई वाहन चालक अनजाने में गलत दिशा में चले जाते हैं और चालान का शिकार हो जाते हैं।
हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से चालान प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा यातायात व्यवस्था की समीक्षा की मांग की है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।







