मीरजापुर । के अहरौरा थाना क्षेत्र में गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में मुठभेड़ के दौरान दो अंतरजनपदीय तस्करों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि चंदौली से बिहार की ओर जंगल के रास्ते बड़ी संख्या में गोवंश ले जाए जा रहे हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने बैजू बाबा तपस्थली के पास घेराबंदी की।
जैसे ही पुलिस ने संदिग्धों को रोकने की कोशिश की, तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों को घेर लिया, जिसमें दोनों के पैरों में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रामबच्चन यादव और रामप्रकाश यादव के रूप में हुई है, जो चंदौली के निवासी हैं और लंबे समय से संगठित तस्करी गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं।
मुठभेड़ स्थल से 45 गोवंश को सुरक्षित मुक्त कराया गया, साथ ही 2 देशी कट्टे, जिंदा कारतूस और खोखा भी बरामद किए गए। दोनों आरोपियों पर पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।








