Search
Close this search box.

वाराणसी: हरहुआ पीएचसी पर अस्थायी मिनी ट्रॉमा सेंटर की तैयारी, सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मिलेगा त्वरित इलाज

वाराणसी । जनपद में सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों को “गोल्डन आवर” के भीतर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ब्लॉक स्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, हरहुआ पर अस्थायी मिनी ट्रॉमा सेंटर संचालित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। शासन स्तर से स्थायी व्यवस्था होने तक यह केंद्र अस्थायी रूप से कार्य करेगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि पीएचसी परिसर में उपयुक्त स्थान का चयन कर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य कराए जाएंगे। इसके साथ ही ऑक्सीजन सप्लाई व्यवस्था, ऑपरेशन थिएटर की मरम्मत तथा आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। सेंटर के सुचारु संचालन हेतु आवश्यक मानव संसाधन की तैनाती और अन्य व्यवस्थाओं की कार्ययोजना भी तैयार की जा रही है।

उन्होंने कहा कि मिनी ट्रॉमा सेंटर शुरू होने के बाद सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को घटनास्थल के निकट ही तत्काल प्राथमिक एवं जीवनरक्षक उपचार मिल सकेगा। गंभीर मरीजों को समय पर उपचार देकर उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने की व्यवस्था भी बेहतर होगी। इससे दुर्घटना जनित मृत्यु और गंभीर जटिलताओं में कमी आने की उम्मीद है।

Leave a Comment

और पढ़ें