Search
Close this search box.

बलिया में 16वीं जनगणना की तैयारी तेज, प्रगणकों का डिजिटल प्रशिक्षण शुरू

बलिया । में 16वीं जनगणना की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने गति तेज कर दी है। सोमवार को सेंट जेवियर्स स्कूल, धरहरा में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह द्वारा तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, जिसमें प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को आधुनिक डिजिटल प्रणाली के तहत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस बार जनगणना पहली बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा और इसमें सभी प्रतिभागियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। मास्टर ट्रेनरों द्वारा विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि सभी प्रगणक अपने कार्य को सही तरीके से समझ सकें और जमीनी स्तर पर बेहतर ढंग से लागू कर सकें। उन्होंने बताया कि जनगणना का कार्य 7 मई से शुरू होकर 15 दिनों तक चलेगा, जिसके बाद मकान गणना और फिर घर-घर जाकर आंकड़े एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू होगी।

उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि वे प्रशिक्षण सामग्री का गंभीरता से अध्ययन करें और किसी भी समस्या के समाधान के लिए तुरंत प्रशिक्षकों से संपर्क करें। अधिकारियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे प्रशिक्षण को प्रभावी बनाएं। जनगणना को विकास की आधारशिला बताते हुए जिलाधिकारी ने सटीक और समयबद्ध कार्य पर जोर दिया।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया उत्तर-प्रदेश।

Leave a Comment

और पढ़ें