Search
Close this search box.

बलिया में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस, स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रित सम्मानित

बलिया। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस एवं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को गंगा बहुद्देशीय सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री विजय कुमार राजभर और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान विभाजन की त्रासदी और स्वतंत्रता दिवस पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

प्रदेश मंत्री विजय राजभर ने कहा कि विभाजन देश के इतिहास का ऐसा काला अध्याय है, जिसे जानना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। विभाजन के दौरान लाखों लोगों को विस्थापन, हिंसा और अमानवीय परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि इतिहास की वास्तविक घटनाओं को समझकर उससे सीख लेना और सामाजिक एकता मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने जिलेवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि विभाजन के दौरान करीब डेढ़ करोड़ लोग विस्थापित हुए और लाखों लोगों ने जान गंवाई। देश की आजादी अनेक बलिदानों के बाद मिली है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि तिरंगे का सम्मान बनाए रखे। उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में प्रत्येक नागरिक से योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 1942 के आंदोलन में बलिया ने अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती देते हुए चित्तू पांडेय के नेतृत्व में आजाद सरकार स्थापित की थी।

कार्यक्रम में 11 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों, 13 किसानों तथा 10 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्राथमिक विद्यालय शेरवाकला की प्रस्तुति से प्रभावित होकर परिवहन मंत्री ने विद्यार्थियों को 31 हजार और शिक्षक को 11 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

अन्य प्रतिभागी विद्यालयों को भी 31-31 हजार रुपये देने की घोषणा हुई।इसके बाद विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस निकाला गया, जो गंगा सभागार से टीडी कॉलेज चौराहा होते हुए कुंवर सिंह चौराहा पहुंचा। यहां शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें