बलिया । जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिजली आपूर्ति से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं उनके समाधान की प्रगति की समीक्षा की गई।

विशेष रूप से दुबहड़ विद्युत उपकेंद्र की समस्याओं पर चर्चा हुई, जहां 11 केवी सहरसपाली फीडर पर अत्यधिक भार की समस्या को दूसरे 11 केवी जनाड़ी फीडर पर स्थानांतरित कर दूर कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इस व्यवस्था के बाद दुबहड़ क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सामान्य हो गई है और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा मिल रही है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए तथा समाधान के बाद उपभोक्ताओं से संपर्क कर फीडबैक भी लिया जाए। उन्होंने क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय सीमा में बदलने और कंट्रोल रूम से प्राप्त शिकायतों के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्य अभियंता (वितरण) आजमगढ़ क्षेत्र सहित जनपद के सभी अधिशासी अभियंता एवं उपखंड अधिकारी उपस्थित रहे।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।









