वाराणसी । मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (Enhm) अभिषेक राय के नेतृत्व में विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के उपलक्ष्य में वाराणसी मंडल द्वारा व्यापक पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 15 मई से 5 जून 2026 तक मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर आयोजित किया जा रहा है।

अभियान के तहत प्रभात फेरी, प्लास्टिक प्रदूषण उन्मूलन जागरूकता कार्यक्रम, सोशल मीडिया कैंपेन, पोस्टर एवं डिजिटल माध्यमों से जनजागरूकता फैलाने जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेलवे कर्मचारियों के लिए प्लास्टिक वेस्ट कम करने और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने हेतु विशेष कार्यशालाओं का भी आयोजन किया गया।

इस दौरान रेलवे स्टाफ, स्टेशन अधिकारियों एवं यात्रियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को प्लास्टिक बैग के स्थान पर कपड़े के थैले उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया तथा कपड़े के बैग वितरित किए गए।
करीब 200 रेलवे कर्मचारियों की सहभागिता वाले इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छ, हरित और प्लास्टिक मुक्त वातावरण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।









