
Varanasi: हुकुलगंज स्थित चंद्रा रेजिडेंसी में रहने वाली 67 वर्षीय वृद्ध महिला नीना कौरा को साइबर जालसाजों ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर चकमा देकर 32 लाख 40 हजार रुपये की ठगी कर ली। जालसाजों ने डिजिटल तरीके से “अरेस्ट” करने की धमकी देकर वृद्धा से उनके बैंक खाते से बड़ी राशि जालसाजों के खातों में ट्रांसफर करवा ली। महिला ने साइबर क्राइम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, सुनील कुमार नाम के एक व्यक्ति ने नीना कौरा को व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल की। उसने खुद को मुंबई के अंधेरी पुलिस स्टेशन का इंचार्ज बताया और आरोप लगाया कि नीना कौरा ने सिंगापुर निवासी टैंग बैंग हॉक को फर्जी पासपोर्ट, एटीएम कार्ड और 140 ग्राम एमडीएमए नामक प्रतिबंधित दवा कूरियर की है। सुनील ने दावा किया कि कूरियर पकड़ा गया है और उनके नाम से गिरफ्तारी का आदेश जारी हो चुका है। उसने नीना से कहा कि दो दिन के भीतर उन्हें अंधेरी पुलिस थाने पहुंचना होगा।
इसके बाद कॉल को एक अन्य व्यक्ति, जिसने खुद को सीबीआई अधिकारी अनिल यादव बताया, से जोड़ दिया गया। अनिल यादव ने नीना कौरा को धमकाते हुए कहा कि अगर उन्होंने यह बात किसी को बताई तो उनके और उनके परिवार की जान को खतरा हो सकता है। इससे डरकर नीना कौरा ने इस बात की जानकारी किसी को नहीं दी।
जालसाजों ने आगे नीना से कहा कि उनकी वृद्धावस्था को ध्यान में रखते हुए वे अदालत से उनकी गिरफ्तारी रुकवाने की कोशिश करेंगे, लेकिन इसके लिए उन्हें अपने बैंक खाते के साथ मकान और वाहन की जानकारी देनी होगी। इसके बाद नीना को एक खाता नंबर भेजा गया और बैंक जाकर 32 लाख 40 हजार रुपये आरटीजीएस करने को कहा गया।
सहमी हुई वृद्ध महिला बिना किसी को बताए बैंक गईं और इतनी बड़ी रकम जालसाजों के खाते में ट्रांसफर कर दी। जालसाजों ने दावा किया कि वे अदालत में जाकर जमानत के कागजात बनवाएंगे और 24 घंटे के भीतर पूरा पैसा वापस कर देंगे। लेकिन समय बीतने के बाद जब उन्होंने व्हाट्सएप पर भेजे गए सभी दस्तावेज और आईडी डिलीट कर दिए और अपने नंबर बंद कर लिए, तो नीना को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने नागपुर में रहने वाले अपने बेटे को घटना की जानकारी दी। बेटे ने साइबर धोखाधड़ी की आशंका जताते हुए तुरंत पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी, जिसके बाद नीना कौरा ने शिकायत दर्ज कराई।

उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।