वाराणसी: लोहता थाना क्षेत्र के कोटवां डिहवा इलाके में नाला जाम होने से हिंदू और मुस्लिम बस्ती के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हरिजन बस्ती से टकहीया पुल तक नाले की लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी अब लोगों के घरों में घुसने लगा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि टकहीया पुल के पास स्थित तबेले से गोबर नाले में बहाए जाने के कारण जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है, जिससे इलाके में जलभराव और गंदगी की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि नाले के जाम होने से दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। समस्या से नाराज लोगों ने प्रशासन से जल्द नाले की सफाई कराने और स्थायी समाधान की मांग की है।










