मिर्जापुर । जनपद के जिगना थाना क्षेत्र अंतर्गत गोगांव गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई युवक की हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी है। 17 अप्रैल की देर रात करीब 12 बजे हुई इस घटना में दिनेश चौबे की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि उनकी मां मालती देवी के खेत से कुछ लोग जेसीबी मशीन द्वारा मिट्टी निकाल रहे थे, जिसका दिनेश ने विरोध किया। इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया और सीने पर गंभीर चोटें पहुंचाईं।
गंभीर हालत में दिनेश किसी तरह घर पहुंचे, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सर्रोई ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
अब सबसे अहम सवाल यही है कि क्या पुलिस निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करेगी और क्या पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाएगा। कार्रवाई की दिशा ही इस मामले की गंभीरता तय करेगी।
गौरव केसरी रिपोर्टिंग मिर्जापुर।









