Search
Close this search box.

दुबग्गा बाज नगर अंडरपास पर अनियंत्रित कार की टक्कर से युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

लखनऊ। दुबग्गा थाना क्षेत्र के बाज नगर अंडरपास पर मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में अनियंत्रित कार की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाला और घायल युवक अमेठिया सलेमपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार कार ने दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार एक सब इंस्पेक्टर की बताई जा रही है, जिसे उनकी पत्नी चला रही थीं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

घटना से आक्रोशित परिजनों और किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने हरदोई मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

रिपोर्ट – ओमजीत यादव

Leave a Comment

और पढ़ें