बलिया । उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया अनिल कुमार झा के आदेशानुसार 25 अगस्त 2026 को पंचायत भवन सीताकुण्ड में स्थायी लोक अदालत के कार्यों को लेकर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने की।

सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने ग्रामीणों को स्थायी लोक अदालत के गठन, कार्यप्रणाली एवं क्षेत्राधिकार की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्थायी लोक अदालत में बिजली, पानी, अस्पताल, परिवहन, बीमा सहित सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से जुड़े विवादों का त्वरित एवं सस्ता समाधान कराया जा सकता है। यहां मामलों के निस्तारण में आपसी सुलह-समझौते को प्राथमिकता दी जाती है तथा मामला दर्ज कराने के लिए न्यायालय शुल्क नहीं देना पड़ता।
उन्होंने बताया कि स्थायी लोक अदालत एक करोड़ रुपये तक के दावों से जुड़े विवादों का निस्तारण कर सकती है। इसके निर्णय सभी पक्षों पर बाध्यकारी होते हैं। शिविर में ग्राम पंचायत सचिव मित्रेश तिवारी, ग्राम प्रधान ओम प्रकाश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।







